सामाजिक मान्यताओं और व्यवस्थाओं के इतर दो समलैंगिक युवतियों ने बृहस्पतिवार को नयना देवी में देवी को साक्षी मानकर विवाह कर लिया। दोनों का कहना है कि शीघ्र ही इस रिश्ते को कोर्ट में रजिस्टर्ड करेंगे।
बृहस्पतिवार देर शाम नयना देवी मंदिर में एक-दूसरे का जयमाला पहनाकर विवाह बंधन में बंधे कोलकाता मूल की देवी चटर्जी और हल्द्वानी निवासी परी साह का कहना है कि करीब छह वर्ष से वह एक-दूसरे को जानते हैं।
दिल्ली स्थित एक संस्थान में बतौर डांस टीचर कार्यरत युवतियों का कहना है कि वह लंबे अरसे से मालवीय नगर दिल्ली में रह रहे हैं। दोनों के बीच बहुत प्यार है। इस कारण उन्होंने एक-दूसरे के साथ रहने का संकल्प लिया।
इसके चलते उन्होंने नैनीताल घूमने का प्लान बनाया और देर शाम मां नयना देवी मंदिर में उन्होंने देवी को साक्षी मानकर उन्होंने एक-दूसरे का अपना जीवन साथी बना लिया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वह रिश्ते को कानून के माध्यम से भी पक्का करेंगे।