हल्द्वानी। गौला नदी अब भी सुरक्षा कार्यों में रोड़ा बनी हुई है। चोरगलिया रोड की सुरक्षा के लिए वायरक्रेट लगाने का काम और स्टेडियम को बचाने के लिए बनाई जा रही दीवार का निर्माण कार्य 20 दिन से ठप पड़ा है। ऐसे में काम पूरा करना कार्यदायी संस्थाओं के लिए सिरदर्द बन गया है।
पिछले साल बरसात के दौरान गौला नदी के उफनाने से गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की सुरक्षा दीवार और चोरगलिया रोड का 140 मीटर हिस्सा बह गया था। सड़क क्षतिग्रस्त होने से जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं स्टेडियम को भी खतरा बना हुआ है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि गौला नदी किनारे अभी काम करना संभव नहीं हो पा रहा है। पानी कम होने के बाद ही जेसीबी खोदाई के लिए नदी में उतर पाएगी।
स्टेडियम को अब कोई खतरा नहीं है। बारिश की वजह से काम बंद है। वहां बनाई गई सुरक्षा दीवार के पास से नदी बह रही है। नदी के पानी को मशीनों से डायवर्ट कर सोमवार से काम शुरू किया जाएगा।
- दिनेश सिंह रावत, ईई सिंचाई