शनिवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण बड़ा गौला का जलस्तर।
- फोटो : अमर उजाला
गौला पुल को एक बार फिर खतरा पैदा हो गया है। शनिवार रात हुई बारिश के बाद पुल की एप्रोच रोड का हिस्सा धंस गया। आनन-फानन पुलिस ने पुल पर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया। एनएचएआई की टीम ने पोकलेन मशीनों से यहां भरान कराया और रोड के धंसे हिस्से में आरसीसी डाला गया। गौला पुल से हर रोज बरेली, सितारगंज, चोरगलिया के लिए काफी संख्या में वाहन गुजरते हैं। गौलापार के लोग हल्द्वानी आने के लिए इसी पुल का इस्तेमाल करते हैं। पिछले साल सितंबर में गौला नदी के उफान पर आने से इस पर पुल की 30 मीटर एप्रोच रोड बह गई थी। इससे पुल को खतरा पैदा हो गया था। अक्तूबर में रोड को दुरुस्त कर पुल खोला गया।
इधर शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से एप्रोच रोड धंस गई। इससे पुल को खतरा हो गया। हालांकि एनएचएआई की ओर से पुल के नीचे पिलर के आसपास सुरक्षा कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
एप्रोच रोड के सोल्डर का दो मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। तत्काल भरान करवा दिया गया। पुल को कोई खतरा नहीं है।
- विकास मित्तल प्रोजेक्ट डायरेक्ट, एनएचएआई रुद्रपुर
नैनीताल में दिनभर रही बारिश, सलड़ी में तीन घंटे बंद रही मार्ग
नैनीताल नगर में तेज बारिश रविवार सुबह भी जारी रही। सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक दिन भर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश रही जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। नैनीझील का जलस्तर 83 फुट से अधिक बना हुआ है। इधर भीमताल रानीबाग मोटर मार्ग पर सलड़ी के पास रविवार शाम चार बजे भारी मलबा आने से तीन घंटे तक यातायात बंद रहा। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लोनिवि ने जेसीबी से मलबा हटाकर तीन घंटे बाद शाम करीब सवा सात बजे सड़क पर यातायात सुचारु किया।