जल संस्थान कार्यालय में धरना प्रदर्शन करते राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के सदस्य। संव
हल्द्वानी। राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने हल्द्वानी में मांगों को जोरशोर से उठाया। उन्होंने चेताया कि शुक्रवार तक निगमों में कार्यरत संविदा, उपनल, विशेष श्रेणी, आउटसोर्स वाले कर्मचारियों की नियमितीकरण नियमावली लागू न की गई तो कर्मचारी उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए विवश होंगे।
परिवहन निगम, जल संस्थान, जल निगम, वन निगम, जीएमवीएन, केएमवीएन, बीज निगम के कर्मचारी बृहस्पतिवार को तिकोनिया स्थित जल संस्थान कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आठवें चरण के आंदोलन के तहत गेट मीटिंग हुई। इसकी अध्यक्षता राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के कुमाऊं अध्यक्ष संजय जोशी व संचालन शिशुपाल सिंह रावत ने किया।
महासंघ के अध्यक्ष दिनेश पंत ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के सब्र की परीक्षा न लेे। प्रदेश महासचिव श्याम सिंह नेगी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। कोषाध्यक्ष मेजपाल सिंह ने कहा कि पूर्व में सरकार के साथ जो समझौते हुए हैं उनका पालन नहीं किया जा रहा है। महासंघ के संरक्षक दिनेश गोसाई, बीएस रावत, एसएस नेगी, श्याम सिंह नेगी, आन सिंह जीना, जगदीश कांडपाल आदि थे।