महर्षि स्कूल के पास हो रही नहर कवरिंग में बृहस्पतिवार को कूड़ा फंसने से अचानक नहर ओवर फ्लो हो गई। इससे आसपास की गलियां, घर और सड़कें पानी से लबालब हो गई। पानी में एक झोपड़ी में रह रहे मजदूर का सारा सामान बह गया, जबकि मजदूर का बच्चा भी पानी में बहने से बाल-बाल बचा।
आसपास के लोगों ने जेसीबी से नहर की दीवार तोड़कर पानी को आगे नहर की तरफ मोड़ा। बाद में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को सूचना देने पर नहर में पानी बंद हो सका।
बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे अचानक नहर में पानी छोड़ा गया। लेकिन महर्षि स्कूल के पास नहर कवरिंग के लिए लगाई गई पाड़ में कूड़ा अटके होने की वजह से पानी ओवर फ्लो होने लगा।
कुछ ही देर में पानी से सड़क, गलियां और आसपास के खेत लबालब हो गए। लोगों के घरों और आसपास की झोपड़ियों में पानी घुस गया। मजदूर राजपाल की झोपड़ी में पानी घुस गया। जिससे कपड़े, लिहाफ गद्दे, राशन आदि सारा सामान खराब हो गया। कुछ सामान पानी में बह भी गया।
झोपड़ी में सो रहा एक बच्चा पानी में बहने से बचा। इतना ही नहीं नहर के पानी की वजह से स्कूल जा रहे बच्चों को भी काफी देर इंतजार करना पड़ा। पड़ोस के दुकानदार सतीश कुमार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जेसीबी बुलाई।
जेसीबी से नहर की दीवार तोड़कर पानी को आगे नहर में डायवर्ट किया गया। इसके बाद सिंचाई विभाग को सूचना देकर पानी बंद करवाया गया। लोगों ने मजदूर के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।