प्राथमिक विद्यालय नामिक के बच्चों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें भेंट करते एस?
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया की पहल के बाद विकासखंड के 26 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पांच के छात्रों को जवाहर नवोदय और राजीव गांधी नवोदय प्रवेश परीक्षा की विशेष तैयारी कराई जाएगी।
कुल 26 विद्यालयों में परीक्षा की तैयारी के लिए 52 किताबें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक बहादुर सिंह धर्मशक्तू ने अपनी ओर से दी हैं।
मर्तोलिया ने अपने जिला पंचायत सदस्य वार्ड सरमोली के 23 प्राइमरी स्कूलों को इसके लिए चुना था इसके बाद नामिक सहित तीन ग्राम पंचायतों के प्राथमिक विद्यालयों को भी इसके लिए चुना गया है।
नामिक में मंगलवार को बहादुर सिंह धर्मशक्तू ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक गंगा सिंह महर को दो किताबों का सेट देकर इस अभियान का शुभारंभ किया।
इस पहल को कई लोगों ने सराहा है। इससे प्रेरित होकर उन्होंने अन्य लोगों से भी ऐसी पहल करने की उम्मीद जताई है। इस मौके पर राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य भगवान सिंह जैम्याल, सहायक अध्यापक बलराम सिंह, जितेंद्र सामंत, राजेंद्र बोरा आदि रहे।