फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दलाल का कारनामा: 15 हजार लेकर खुद जारी कर दिया फिटनेस प्रमाणपत्र, फर्जी मुहर लगाई और कर दिए हस्ताक्षर

Sat, 22 Feb 2025 10:23 AM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी

सार

परिवहन विभाग में फिटनेस प्रमाणपत्र बनाने में बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ में आया है। एक दलाल ने 15 हजार रुपये लेकर ई-रिक्शा का फिटनेस प्रमाणपत्र जारी कर दिया। इस पर मुहर और हस्ताक्षर फर्जी थे। एआरटीओ ने पुलिस को केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हल्द्वानी में परिवहन विभाग में फिटनेस प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस बनाने में बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ में आया है। एक दलाल ने 15 हजार रुपये लेकर ई-रिक्शा का फिटनेस प्रमाणपत्र जारी कर दिया। इस पर मुहर और हस्ताक्षर फर्जी थे। विभागीय दस्तावेज में भी उसका कोई रिकॉर्ड नहीं था। अब एआरटीओ (प्रशासन) बीके सिंह ने मुखानी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।

हरिपुर नायक कुसुमखेड़ा की इंद्रा काॅलोनी फेस दो निवासी कुनाल अपने ई-रिक्शा का फिटनेस प्रमाणपत्र लेकर परिवहन विभाग के कार्यालय आया तो एआरटीओ को उस पर शक हुआ। उन्होंने कुनाल से जानकारी ली। उसके बाद जांच कराई तो प्रमाणपत्र जाली निकला, मुहर व हस्ताक्षर फर्जी थे। एआरटीओ ने कुनाल को नोटिस जारी कर बुलाया।

कुनाल ने बताया कि कुछ माह पहले वह फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने यहां आया था। गेट के पास उसे एक दलाल मिला। उसने 15 हजार रुपये लेकर फिटनेस प्रमाणपत्र बनवा दिया। इससे पहले भी उसने उसका डीएल बनवाया था। एआरटीओ ने डीएल की जांच कराई तो वह भी फर्जी निकला। ऐसे में मुखानी थाने में नामजद तहरीर दी गई है।

मामला गंभीर है। फर्जी हस्ताक्षर और मुहर लगाकर डीएल व फिटनेस प्रमाणपत्र बनाना गंभीर अपराध है। प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। अब अन्य डीएल और फिटनेस की भी जांच की जा रही है। -बीके सिंह, एआरटीओ प्रशासन।

बड़ा सवाल : दलाल ने किस-किस को थमाए डीएल

विज्ञापन

मामला खुलने पर आरटीओ कार्यालय में खलबली मची है। सवाल यह है कि बताए गए दलाल ने अब तक कितने और किस-किस को फर्जी डीएल व प्रमाणपत्र थमाए हैं। यह खेल कब से चल रहा है। आशंका यह भी है कि इस तरह का धंधा करने वालों का पूरा रैकेट हो सकता है। इसकी भी जांच जरूरी है।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें