हल्द्वानी/कोटाबाग। जिले में चार कोरोना मरीज रिपोर्ट हुए हैं। इसमें एक मरीज सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती है, जबकि तीन कोटाबाग क्षेत्र के हैं। कोटाबाग क्षेत्र के रहने वाले तीन व्यक्ति दिल्ली से आये थे। एसीएमओ डा. रश्मि पंत के अनुसार इन लोगों को पहले सात दिन पहले संस्थागत क्वारंटीन किया गया था।
इसके बाद सात दिन ग्राम क्वारंटीन किया गया था। इस दौरान इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। डॉ. पंत के अनुसार यह लोग घर नहीं गये और किसी के संपर्क में नहीं आये थे। संबंधित लोगों को रामगर के कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। कोटाबाग प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि दो जुलाई को उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इलाज के दौरान मौत
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी के अनुसार संबंधित व्यक्ति को निमोनिया समेत अन्य बीमारी थी। मरीज का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जहां उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
तीन की रिपोर्ट आने का इंतजार
हल्द्वानी। नीलकंठ अस्पताल के दो डॉक्टर व एक मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट के आने का इंतजार है। इससे पूर्व अस्पताल से लिये 68 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।