हल्द्वानी। जिले भर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। डीएम ललित मोहन रयाल ने एक माह के भीतर फुटपाथों का सर्वे कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, सभी उप जिलाधिकारियों, ईई और ईओ को निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने क्षेत्रों में संबंधित नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम गठित करनी होगी। यह टीम एक माह के भीतर फुटपाथों का सर्वे करेगी। सर्वे में अतिक्रमण को चिह्नित कर उसका विवरण उपलब्ध कराना होगा। अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि वे अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो पुलिस की मदद से उसे हटाया जाएगा। इस कार्य के लिए हर हफ्ते संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
अवैध पार्किंग पर भी रोक
जिलाधिकारी रयाल ने फुटपाथों पर होने वाली अवैध पार्किंग पर भी प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथों का उपयोग किसी भी स्थिति में वाहन पार्किंग के लिए नहीं किया जाएगा। यह निर्देश दिया गया है कि उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस और परिवहन विभाग मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करेंगे।