रामनगर (नैनीताल)। रामनगर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही फुट ओवरब्रिज बनेगा। शुक्रवार को डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और कहा कि यात्री सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम विनय कुमार त्रिपाठी, डीआरएम आशुतोष कुमार पंत, सीनियर डीसीएम विकास सिंह ने रामनगर में साफ-सफाई, यार्ड, इंजीनियर्स सेक्शन, स्टेशन अधीक्षक कक्ष में व्यवस्थाओं को देखकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। वहीं डीआरएम पंत ने बताया कि फुट ओवरब्रिज बनने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। इसके बाद सभी अधिकारी कॉर्बेट में जंगल सफारी के लिए गए। वहीं जिम कॉर्बेट टैक्सी ऑपरेटर सोसाइटी के अध्यक्ष महबूब आलम आदि ने डीआरएम से टैक्सी स्टैंड के बूथ को स्टेशन के बाहर लगाने की मांग की। इस दौरान सिकंदर खान, अनिल, जसबीर सिंह आदि शामिल रहे।
निरस्त ट्रेनों के संचालन की मांग
रामनगर (नैनीताल)। कोविड काल में रामनगर स्टेशन से निरस्त हुईं ट्रेनों का संचालन करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत सिंह रावत के नेतृत्व में डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर निशांत पपनै, डीसी हरबोला, देशबंधु रावत, किशोरी लाल, तायब खान, बाबर खान, महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, फरीद अख्तर, बबलू तिवारी आदि रहे। इधर, देवभूमि विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम से प्लेटफार्म नंबर 2 का निर्माण, रामनगर से हरिद्वार-देहरादून और रामनगर-काशीपुर-बरेली रेल सेवा शुरू करने आदि की मांग की। इस मौके पर प्रभात ध्यानी, मनमोहन अग्रवाल आदि रहे।