नवाबी रोड महेशनगर निवासी फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल पलड़िया शनिवार की संदिग्ध बीमारी से बंगलूरू में मौत हो गई। रविवार को उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से पंतनगर लाया गया। गमगीन माहौल में चित्रशिला घाट पर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। लेफ्टिनेंट के मामा रितेश बेलवाल ने बताया कि बीमारी का पता लगाने के लिए विभागीय जांच चल रही है।
नवाबी रोड महेशनगर निवासी फ्लाइट लेफ्टिनेंट इलाहाबाद में तैनात थे। वह बंगलूरू स्थित एयरशो में भाग लेने के लिए गए, लेकिन तीन दिन पहले गंभीर रूप से बीमार हो गए। इलाज के बावजूद शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। इलाहाबाद के विंग अफसर एनबी महाजन के नेतृत्व में दस अधिकारी कुणाल के पार्थिव शरीर को लेकर रविवार शाम विमान से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे।
वहां से नवाबी रोड स्थित घर पार्थिव शरीर आने पर मातम छा गया। अध्यापिका मां मनोरमा, पिता ऊधमसिंह नगर में स्वजल के प्रोजेक्ट मैनेजर डीके पलड़िया की पार्थिव शरीर देखते ही हालत खराब हो गई। चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट का दस माह का बेटा अयान है। छोटा भाई राहुल आम्रपाली में पढ़ाता है। पत्नी अंबिका का रो-रोकर बुरा हाल है।