हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के नवनिर्मित योग एवं शिक्षा शास्त्र भवन और गर्ल्स हॉस्टल का बुधवार को थर्ड पार्टी निरीक्षण किया गया। उच्च शिक्षा उपनिदेशक, कॉलेज प्राचार्य और जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर ने दोनों भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कॉलेज में बनाए गए योग भवन में कई प्रकार की कमियां मिलीं जबकि नवाबी रोड पर बने हॉस्टल की रिपोर्ट ओके रही। कार्यदायी संस्था मंडी परिषद को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियां दूर करने के लिए निर्देशित किया गया है।
कॉलेज में योग और शिक्षा शास्त्र के विद्यार्थियों के लिए योग एवं शिक्षा शास्त्र भवन और बालिकाओं के लिए नवाबी रोड पर छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इनकी हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। इसी संबंध में बुधवार को उपनिदेशक प्रो. आरएस भाकुनी, प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी, डॉ. नवल लोहनी की मौजूदगी में थर्ड पार्टी के रूप में डीएम के प्रतिनिधि पीडब्यूडी विभाग के सहायक अभियंता अनिल कन्नौजिया ने निरीक्षण किया। पहले कॉलेज में बनाए गए भवन के निरीक्षण के दौरान दरवाजों और खिड़कियों में कई प्रकार की कमियां पाई गईं। कार्यदायी संस्था से इन्हें तत्काल ठीक करने को कहा है। इसके बाद टीम ने छात्राओं के लिए नवाबी रोड पर बनाए गए हॉस्टल का निरीक्षण किया। इसकी रिपोर्ट ठीक मिली। एई कन्नौजिया ने बताया कि रिपोर्ट पूरी तरह ठीक होने पर ही कॉलेज को भवन हस्तांतरित किया जाएगा।