गौरापढ़ाव स्थित किया के शोरूम में गाड़ियों में लगी आग। संवाद
हल्द्वानी के पास गोरापड़ाव स्थित एक कार शोरूम की पार्किंग में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी। दमकल टीम ने तीन वाहनों से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीन कारें जल गईं। दमकल विभाग की जांच में कूड़ा जलाने के दौरान आग लगने की बात सामने आई है।
हल्द्वानी निवासी गौरव सिंह का गोरापड़ाव इलाके में कार का शोरूम है। मंडी चौकी प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे डायल 112 पर शोरूम में आग लगने की सूचना आई थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शोरूम के पीछे बनी पार्किंग में खड़ी कारों में आग धधक रही थी। इसी बीच दमकल की टीम भी तीन वाटर टेंडर के साथ मौके पर पहुंच गई। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ये पढ़ें- Ramnagar: पीएसी जवान की मां और भाई की मौत, मौके पर जहर मिला...इस वजह से आत्महत्या करने की आशंका; जानें मामला
एफएसओ मनिंदर सिंह ने बताया कि शोरूम के मालिक फिलहाल विदेश में हैं। बताया जा रहा है कि तीनों गाड़ियां मरम्मत के लिए पहुंची थीं। दमकल विभाग की जांच में प्रथमदृष्टया सामने आया है कि लोगों ने शोरूम की दीवार के बाहर कूड़े में आग लगाई थी। यह आग नाली से दीवार के अंदर आ गई। इसके बाद फैलते हुए कार में लग गई। इससे तीन कारें जल गईं।