नैनीताल। नगर के मल्लीताल बीडी पांडे अस्पताल के समीप स्थित फड़ कारोबारी के गोदाम में बृहस्पतिवार को आग लग गई। गोदाम से धुंआ उठता देख कारोबारी गोदाम तक पहुंचे लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था। अग्निकांड में गोदाम स्वामी ने लाखों का नुकसान होने की बात कहते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कारोबारी ने आग लगाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार धमेंद्र कश्यप व अन्य फड़ कारोबारी बीडी पांडे अस्पताल परिसर के समीप स्थित एक गोदाम में फड़ का सारा सामान रखते थे। बृहस्पतिवार शाम धमेंद्र को क्षेत्र के लोगों ने गोदाम में आग लगने की जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां सब कुछ जलकर राख हो चुका था। आग में कपड़े, चश्मे व अन्य सामान जल गया। किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया जा सका। धमेंद्र ने बताया कि गोदाम में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। आरोप है कि किसी अराजक तत्व ने गोदाम में आग लगाई है जिसमें करीब पांच लाख का सामान जल गया। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसआई पीएस मेहरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।