कोतवाली हल्द्वानी के भोलानाथ गार्डन इलाके में स्थित कपड़ा गोदाम में बृहस्पतिवार शाम अचानक आग लग गई। गनीमत रही की कोई जनहानि नहीं हुई। जिस गोदाम में आग लगी वह एक बंद मकान में संचालित हो रहा था लेकिन घनी आबादी के बीच था। आसपास के लोगों ने गोदाम से निकलते धुएं और आग की लपटों को देखकर पुलिस व दमकल को सूचना दी।
विज्ञापन
मौके पर दमकल की टीम पहुंची और करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि गोदाम संचालक से जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। घनी आबादी के बीच गोदाम संचालन को लेकर अनियमितता मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।