ओके होटल के सामने वित्तमंत्री इंदिरा हृदयेश के चालक और उसकी पत्नी के साथ एक युवक ने मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पीटकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। चालक का आरोप था कि उसकी पत्नी के हाथ से युवक सोने का कंगन छीनने की कोशिश कर रहा था। इधर, युवक का कहना है कि स्कूटी से गलती से धक्का लगने पर उसकी पिटाई कर दी गई। देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
आवास विकास कालोनी निवासी और वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश का ड्राइवर बलवंत सिंह सोमवार दोपहर को पत्नी गुरुदेव कौर के साथ ओके होटल के सामने खरीदारी कर रहा था। इसी बीच स्कूटी सवार युवक से महिला को धक्का लग गया। विरोध करने पर युवक ने महिला से गालीगलौज की। इससे मामला बढ़ गया और रोड पर ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। महिला का आरोप था कि युवक उसके हाथ से कंगन छीन रहा था। मौके पर जुटी भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। चालक युवक को पकड़कर कोतवाली ले गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम कृष्णा लोहनी निवासी आवास विकास बताया। वह सेंचुरी पेपर मिल में काम करता है। पिटाई के दौरान उसकी टीशर्ट फट गई थी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर युवक को हिरासत में ले लिया। युवक का कहना था कि वह अपने नाना ख्याली दत्त पाठक का इलाज कराकर लौट रहा था। रास्ते में महिला को गलती से धक्का लग गया था। इधर, एसएसआई एनबी भट्ट ने बताया कि देर शाम को दोनों पक्षों में समझौता हो गया।