नैनीताल में फिल्म सिटी बनाने की तैयारी है। इसके लिए शासन स्तर पर गंभीरता से विचार चल रहा है। इसी क्रम में डीएम ने पटवाडांगर क्षेत्र में फिल्म सिटी बनाने की संभावना के लिए जगह तलाश की है।
फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को नैनीताल की वादियां, खूबसूरती काफी पसंद आती हैं। राजेश खन्ना से लेकर ऋतिक रोशन जैसे कलाकार यहां पर शूटिंग करने को पहुंचे। नैनीताल में 70 हिंदी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है, जो के डाक्यूमेंटेड है। यहां अन्य भाषा में भी फिल्मों की शूटिंग हुई है।
अब शासन फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए फिल्म सिटी विकसित करने की योजना बना रहा है। इसमें नैनीताल पहली प्राथमिकता है। शासन ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखा था, जिसके बाद जमीन की तलाश शुरू हुई है।
डीएम दीपक रावत कहते हैं कि क्योंकि नैनीताल में जगह की कमी है, ऐसे में उसके आसपास के इलाके को देखा जा रहा है। इसी क्रम में पंत विवि के पटवाडांगर स्थित इंस्टीट्यूट आफ बायोटेक लैब वाली जगह को देखा गया है। बायोटेक लैब और स्वास्थ्य विभाग के पास करीब 103 हेक्टेयर जमीन है। यह जगह जमीन और दूसरी सुविधाओं की दृष्टि से बेहतर है।
पटवाडांगर में पहले रैबीज के टीके बनते थे। कहा जाता है कि सबसे पहले यह टीके यहीं पर बनाये गए। उस जमाने के उपकरण, बिल्डिंग के अवशेष आदि यहां पर अभी भी स्थित हैं। बाद में टीके बनाने की तकनीक बदल गई, तो टीका बनाना बंद कर दिया गया। यह जमीन उपयोग के लिए विवि को सौंप दी गई थी। जिसमें यह लैब विकसित की गई।