नैनीताल के स्लाटर हाउस का निरीक्षण करते शहरी विकास के सचिव शैलेश बगौली।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। शहरी विकास सचिव शैलेश बगौली ने सरोवर नगरी में सफाई की पुख्ता व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि वह माल रोड पर गंदगी करने वालों और नालों में कूड़ा फेंकने वालों का चालान करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
बुधवार को बगौली नगर पालिका के अधिकारियों के साथ तल्लीताल स्थित स्लाटर हाउस और मालरोड का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा को स्लाटर हाउस का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, माल रोड पर गंदगी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने रिक्शा स्टैंड के पास बने प्याऊ का सौंदर्यीकरण कराने, मालरोड पर क्षतिग्रस्त कूड़ेदानों को बदलने अथवा उनकी मरम्मत कराने, पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने, ई-रिक्शा की व्यवस्था कराने, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करते शौचालयों का संचालन सुचारु कराने के निर्देश ईओ और अपर अभियंता को दिए। इस दौरान एसडीएम विनोद कुमार, अवर अभियंता डीएस मेहरा आदि थे।
सात का चालान कर 12 हजार जुर्माना लगाया
नैनीताल। शहरी विकास सचिव के निरीक्षण और गंदगी करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश देने के तुरंत बाद पालिका कर्मियों ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर गंदगी करने वाले सात लोगों का चालान कर उन पर 12 हजार रुपये जुर्माना लगाया।