नैनीताल। मल्लीताल में बारत विदाई के दौरान किसी बात को लेकर बरातियों और घरातियों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के बीच बीचबचाव करने के दौरान एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। पुलिस ने मारपीट करने वाले चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम एक बारात की विदाई के समय डीएसए मैदान में किसी बात को लेकर बरातियों और घरातियोें के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों के युवकों में मारपीट हो गई। मारपीट के बाद लड़की पक्ष कार्रवाई की मांग के लिए कोतवाली पहुंच गया। दूसरे पक्ष के युवक भागकर तल्लीताल पहुंच गए। सूचना के बाद तल्लीताल पुलिस की ओर से युवकों को पकड़कर मल्लीताल कोतवाली ले जाया गया। युवकों के मल्लीताल पहुंचते ही दोनो पक्षों के बीच फिर से मारपीट हो गई। बीचबचाव करने में एक पुलिसकर्मी चोटिल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा लिखने की बात कही तो दोनों पक्ष शांत हो गए। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि मामले में तल्लीताल निवासी सूरज, दिल्ली सोनिया विहार, नवीन और दीपक कुमार के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। संवाद