हल्द्वानी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के बीच बिजली अव्यवस्था से हजारों की आबादी त्रस्त रही। बुधवार सुबह से यूपीसीएल के विद्युत वितरण खंड टाउन और ग्रामीण डिविजन में बिजली लाइनों में फॉल्ट से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कालाढूंगी रोड चौराहा बिजलीघर का बाजार फीडर सुबह से प्रभावित रहा। महिला अस्पताल के पास बुधवार रात एलटी लाइन की तार टूट गई। इससे आजादनगर और गांधीनगर का इलाका भी प्रभावित हुआ। कमलुवागांजा बिजलीघर के मुखानी फीडर के केबल बॉक्स बारिश की वजह से नमी के कारण जल गए। इससे दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक आपूर्ति प्रभावित रही। इसी बिजलीघर से जुड़े भरतपुर क्षेत्र की भी बिजली एक घंटा ठप रही। यहां ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने से आपूर्ति बाधित हुई।
ये इलाके रहे प्रभावित
पीलीकोठी, परमानंद विहार, किरौला काॅलोनी, बद्रीपुरा, आनंदबाग, कोतवाली, नगर निगम, आईजी और एसएसपी आवास, जेकेपुरम, खड़िया फैक्टरी मुखानी, रूपनगर, जेकेपुरम।
शीतलाहाट प्लांट की जलापूर्ति आठ घंटे ठप
पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश की वजह से गौला नदी में सिल्ट पहुंच रही है। इसके चलते बुधवार को बैराज से गंदे पानी की सप्लाई जारी रही। ऐसे में जल संस्थान को शीशमहल फिल्टर प्लांट में पानी साफ करने के लिए फिटकरी की मात्रा फिर बढ़ानी पड़ी। गौला हेड से बुधवार सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक शीतलाहाट प्लांट की जलापूर्ति ठप रही। इस कारण काठगोदाम क्षेत्र में शाम को आंशिक पेयजल किल्लत रही। अपर सहायक अभियंता सतीश बिष्ट ने बताया कि दोपहर बाद शीतलाहाट प्लांट के लिए आपूर्ति सुचारु हो गई थी।