हल्द्वानी। वर्ष 2020 के अंतिम दिन 31 दिसंबर की विदाई शनि के नक्षत्र पुष्य योग में हो रही है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गुरु पुष्य योग दुर्लभ योग माना जाता है, जो कि अत्यंत शुभफलदायी होता है। इसमें किए गए कार्य शुभता प्रदान करते हैं।
15 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ ही खरमास शुरू हो गया है, जो 14 जनवरी 2021 को सूर्य मकर संक्रांति पर समाप्त होगा। ज्योतिषी अशोक वार्ष्णेय ने बताया 16 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच छह तिथियां विशेष बन रही हैं, जिनमें महत्वपूर्ण व्रत, पर्व मनाए जाएंगे। 18 दिसंबर को विनायक चतुर्थी, 19 दिसंबर को श्रीराम विवाहोत्सव, 25 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी, गीता जयंती और क्रिसमस डे, 29 दिसंबर को भगवान दतात्रेय अवतरण दिवस और व्रत की पूर्णिमा रहेगी।
30 दिसंबर को स्नानदान की पूर्णिमा मनाई जाएगी। हालांकि खरमास में दीर्घ अवधि लाभ के लिए खरीदारी करना सही नहीं माना जाता, लेकिन इस मास के शेष सर्वार्थ सिद्ध योग और अमृत सिद्ध योग में खरीदारी करना भी शुभ होगा। 18, 25 और 26 दिसंबर को सोना, चांदी खरीदना लाभकारी होगा तो वहीं 21, 23, 24, 28, 30, 31 दिसंबर को जमीन खरीदना शुभफलदायी रहेगा।