ग्रामसभा जंगलियागांव के बूढ़ाधूरा तोक के पास रविवार दोपहर एक बाइक असंतुलित होकर 200 मीटर खाई में गिर गई। भीषण हादसे में बाइक सवार दंपति, उनकी छह माह की बच्ची और भतीजे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद शवों को खाई से निकालने में पुलिस और आसपास के ग्रामीणों को काफी परेशानी हुई। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजे गए।
जानकारी के अनुसार बूढ़ाधूरा तोक निवासी धीरज भट्ट (28) पुत्र हरीश चंद्र भट्ट अपनी पत्नी कमला देवी (25), छह माह की बेटी ईशा और भतीजे भास्कर भट्ट (15) बाइक यूके-04-आर-9911 से भीमताल गया था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे वापसी के समय जैसे ही वह जंगलियागांव से लगभग आधा किलोमीटर आगे कच्ची सड़क पर पहुंचे तो बाइक असंतुलित होकर खाई में गिर गई।
हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल से कुछ पहले गांव में किसी के घर पीपलपानी था और रोड में लोगों की पैदल आवाजाही हो रही थी। जिसके चलते तुरंत हादसे का पता चल गया।
मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलते ही सीओ बचन सिंह राणा, तहसीलदार बीएस लटवाल, थानाध्यक्ष नित्यानंद पंत, एसआई मनोहर सिंह पांगती और एसआई पनीराम पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पूरन दुम्का, मान सिंह कुल्याल, प्रेम कुल्याल, गोपाल दुम्का, महेंद्र पडियार, धर्मेंद्र सिंह पडियार, सतीश भट्ट, सुरेंद्र कुल्याल, भुवन सिंह पडियार, राजेंद्र सिंह पडियार की मदद से पुलिस ने किसी तरह एक-एक कर शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
विधायक दान सिंह भंडारी ने घटनास्थल से डीएम को फोन कर शवों का पोस्टमार्टम रविवार को ही हल्द्वानी में करवाने की मांग की, जिस पर डीएम ने स्वीकृति दे दी। सीओ बचन सिंह राणा ने बताया कि चारों शव हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में भेजे गए हैं।
कच्ची सड़क और रोड़े बने हादसे का कारण
भीमताल (नैनीताल)। बूढ़ाधूरा तोक के पास हुए बाइक हादसे का कारण सड़क में डामरीकरण न होना और कच्ची सड़क में जगह-जगह बड़ी रोड़ियों का पड़ा होना है। माना जा रहा है कि बाइक को हल्की चढ़ाई में ले जाते वक्त बाइक रोड़ी में रपट गई होगी जिसके बाद बाइक धीरज के कंट्रोल से बाहर होकर खाई में गिरी होगी। बाइक चला रहे धीरज ने हेलमेट पहना था या नहीं इस बात का पता नहीं चल सका है। क्योंकि दुर्घटना स्थल अथवा खाई में कहीं भी हेलमेट बरामद नहीं हुआ।