रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित बोर्ड परीक्षा में बुधवार को इंटरमीडिएट में भूगोल और भूगर्भ विज्ञान की परीक्षा हुई। भूगोल विषय की परीक्षा में ऊधमसिंह नगर जिले के जनता इंटर कॉलेज में एक छात्र को नकल विरोधी दल ने नकल करते हुए पकड़ा।
बुधवार को प्रदेश में भूगोल की परीक्षा में 571 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। भूगोल की परीक्षा में 34358 विद्यार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 33787 विद्यार्थी उपस्थित रहे और 571 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं भूगर्भ विज्ञान विषय में देहरादून जिले के सभी चार परीक्षार्थी शामिल हुए।
उत्तराखंड बोर्ड की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि भूगोल विषय की परीक्षा में ऊधमसिंह नगर जिले के जनता इंटर कॉलेज में एक छात्र को नकल विरोधी दल ने नकल करते हुए पकड़ा। इसके लिए आंतरिक, जिला और बोर्ड स्तरीय उड़नदस्ते कई जगह जाकर परीक्षार्थियों की तलाशी ले रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले और परीक्षा केंद्र में जाते समय भी परीक्षार्थियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।