फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फेरे बढ़ाए फिर भी बहनें बे-बस: रक्षाबंधन पर बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर रही जबर्दस्त भीड़, नहीं मिली सीट

Fri, 01 Sep 2023 02:52 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हल्द्वानी

सार

हल्द्वानी बस स्टेशन पर सुबह ही यात्रियों की भीड़ जुट गई। टनकपुर, रामनगर, नैनीताल, काशीपुर आदि शहरों के लिए बस में यात्रियों की काफी भीड़ रही। लोग सीट पाने के लिए मशक्कत करते दिखे।
विज्ञापन
uttarakhand roadways
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रक्षाबंधन पर बृहस्पतिवार को रोडवेज बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर जबर्दस्त भीड़ रही। रोडवेज पर जैसे ही बस पहुंचती, सीट पाने के लिए मुसाफिर उमड़ पड़ते। कई रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाईं, फेरे बढ़ाए, फिर भी समस्या नहीं सुधरी। हालात यह थे कि खिड़कियों के सहारे घुसकर लोगों ने सीट पाई। लंबे इंतजार के बाद भी कई बहनों को सीट नहीं मिल सकी। ट्रेनों में ही यही स्थिति रही।

विज्ञापन


रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी। हल्द्वानी बस स्टेशन पर सुबह ही यात्रियों की भीड़ जुट गई। टनकपुर, रामनगर, नैनीताल, काशीपुर आदि शहरों के लिए बस में यात्रियों की काफी भीड़ रही। लोग सीट पाने के लिए मशक्कत करते दिखे।

आलम ये था कि जैसे ही बस आती सवारियों के उतरने से पहले ही लोग चढ़ने के लिए बेताब रहते। ऐसे में कई यात्रियों के बीच नोकझोंक भी हो गई। लोग अपने बच्चों को खिड़की के सहारे बस में चढ़ाते दिखे। सबसे ज्यादा दिक्कत नैनीताल की बसों की रही।

विज्ञापन

यात्रियों की बढ़ेगी भीड़
एआरएम सुरेंद्र सिंह बिष्ट और बस स्टेशन इंद्रा भट्ट सुबह से ही बस अड्डे पर यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था करवाते रहे। शाम तक नैनीताल के लिए सात, टनकपुर के लिए सात, रामनगर के लिए छह अतिरिक्त बसें भेजी गईं। दिल्ली की बस में यात्रियों की भीड़ कम रही। अनुमान है कि दिल्ली के लिए शुक्रवार से यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी।

यात्रियों से बातचीत:-
काफी देर से नैनीताल की बस की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रुद्रपुर से आए हैं और भाई को राखी बांधने के लिए नैनीताल जाना है, लेकिन बस ही नहीं मिल रही है। -किरन।
रामगढ़ क्षेत्र के लिए रोडवेज बस सेवा नहीं है। इसलिए प्राइवेट बस या टैक्सी से ही सफर करना पड़ता है। रक्षाबंधन वाले दिन भी यही हुआ। -लक्ष्मी बिष्ट
पहाड़ में रोडवेज बस सेवाएं कम हैं। पिथौरागढ़ के लिए भी गिनी-चुनी बस सेवा हैं। कम बस होने से रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा का लाभ सभी महिलाओं को नहीं मिल पाता है। -हेमंती देवी

रामनगर डिपाे ने चलाई छह अतिरिक्त बसें
रामनगर डिपो की ओर से छह बसें अतिरिक्त लगाई गईं। हालांकि डिपो की ओर से 25 बसों को रूट पर भेजा गया। बहनों को लेकर रामनगर डिपो की ओर से हल्द्वानी, जसपुर, दिल्ली, बरेली, टनकपुर, काशीपुर, हरिद्वार, कालाढूंगी, रुद्रपुर और कालागढ़ के लिए 25 बसों का संचालन किया गया।

बसों में महिलाओं के लिए यात्री फ्री की गई। डिपो के एआरएम आनंद प्रकाश ने बताया कि बहनों की सुविधा को देखते हुए काशीपुर, कालाढूंगी, हल्द्वानी, जसपुर के लिए छह अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। डिपो के फोरमैन मो. यामीन ने बताया कि बसो के संचालन में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी गई। डिपो में महिलाओं को देखते हुए तत्काल बसें रूट पर लगाई गई।
विज्ञापन

ड्यूटी से इनकार पर परिचालक को रूट से हटाया
दिल्ली-मानिला रूट पर चलने वाले एक परिचालक ने रक्षाबंधन को लेकर नए रूट पर चलने से इनकार कर दिया। आदेशाें की अवहेलना करने पर उसे रूट से हटा दिया गया। एआरएम आनंद प्रकाश ने बताया कि दिल्ली-मानिला रूट पर चलने वाले परिचालक उत्तम सिंह को रक्षाबंधन को देखते हुए हल्द्वानी रूट पर भेजा रहा था। परिचालक ने हल्द्वानी रूट पर जाने से मना कर दिया। ऐसे में दूसरे परिचालक को हल्द्वानी रूट पर भेजा। आदेशों की अवहेलना करने पर परिचालक को अग्रिम आदेश तक रूट आउट यानी किसी भी रूट पर नहीं चलेगा।

रविवार तक पांच ट्रेनें पैक
रक्षाबंधन पर सभी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। पर्यटन सीजन के बाद त्योहार के चलते बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे। काठगोदाम से दिल्ली, देहरादून, लखनऊ समेत अन्य रूटों की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। बृहस्पतिवार सुबह रानीखेत एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे। सितंबर के पहले सप्ताह में यात्रियों के सामने टिकट वेटिंग की समस्या रहेगी। सबसे ज्यादा वेटिंग रविवार को है। संपर्क क्रांति, नैनी-दून जनशताब्दी, बाघ एक्सप्रेस, काठगोदाम-दून, काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस में रविवार तक लंबी वेटिंग चल रही है। 

ये भी पढ़ें...Uttarakhand:  हाईकोर्ट में आज कॉर्बेट पार्क में अवैध कटान मामले की सुनवाई, बढ़ सकती है पूर्व मंत्री की मुश्किल

दिन भर जाम से परेशान रहे लोग
त्योहार के दिन दिन भर जाम से भी लोग परेशान रहे। बाहर से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से शहर में वाहनों की संख्या बढ़ गई है। जिस वजह से बार-बार जाम की स्थिति बन रही है।
शहर के मुख्य मार्ग जैसे रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड पर दिन में कई बार जाम लगा। अग्रसेन चौक पास दिन में जाम की स्थिति बनी रही। काठगोदाम में भी जाम की स्थिति बनी रही। इधर गर्मी में जाम की स्थिति होने से लोग परेशान रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें