आदि कैलास यात्रियों के लिए खुशखबरी है। केएमवीएन के अनुरोध पर राज्य सरकार ने धारचूला से गुंजी तक हेलीकाप्टर से यात्रियों को ले जाने की अनुमति दे दी है।
राज्य सरकार से अनुमति मिलने से उत्साहित केेएमवीएन अधिकारियों ने यात्रा को अक्टूबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस बार सिंगापुर का 15 सदस्यीय पहला दल हेलीकाप्टर से आदि कैलास जाएगा।
केएमवीएन के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल ने बताया कि सिंगापुर के यात्रियों के अनुरोध पर सरकार ने आदि कैलास यात्रियों के लिए हेलीकाप्टर की सुविधा उपलब्ध कराने की मंजूरी दे दी है।
अब सिंगापुर ही नहीं अन्य आदि कैलास यात्री दल भी हेलीकाप्टर से धारचूला से गुंजी तक यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सिंगापुर का यात्री दल 20 सितंबर को आदि कैलास की यात्रा पर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से यात्रियों को बस से धारचूला लाया जाएगा और वहां से हेलीकाप्टर से गुंजी भेजा जाएगा। निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि हेलीकाप्टर सुविधा मिलने पर अब यात्रियों को आने और जाने में मात्र 88 किमी की पैदल यात्रा करनी पड़ेगी।
जबकि पहले यात्रियों को आने और जाने में करीब 220 किमी पैदल चलना पड़ता था। उन्होंने बताया कि यात्रियों को हेलीकाप्टर से यात्रा करने पर प्रतिघंटे के हिसाब से भुगतान करना होगा। अभी हेलीकाप्टर से यात्रा का टैरिफ उपलब्ध नहीं हुआ है। हेलीकाप्टर से यात्रा का टैरिफ मंगाया गया है।