लिफाफा गैंग ने मां-बेटी को कार में बैठाकर उनसे चार हजार रुपये लूटकर उन्हें कालीचौड़ में कार से बाहर फेंक दिया। कोतवाली में पहुंचकर मां-बेटी ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस गैंग के सदस्यों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।
गौलापार लछमपुर निवासी नंदी देवी पत्नी स्व. गुलाब सिंह अपनी बेटी तनिशा के साथ बेतालघाट स्थित एक शादी समारोह में जाने के लिए केमू बस स्टेशन पर खड़ी थीं। दोपहर करीब 11:45 बजे एक युवक उनके पास पहुंचा और अपने पास सरकारी गाड़ी होने की बात कहते हुए उनसे बेतालघाट जल्दी पहुंचा देने की बात कही। विश्वास में आकर मां-बेटी उसकी सफेद रंग की कार में सवार हो गईं। कार में चालक सहित कुल तीन लोग पहले से बैठे थे।
गौलापार रोड में कार सवारों ने कहा कि आगे चेकिंग हो रही है, लिफाफे में पैसा और जेवरात रख दें। महिला ने पैसे तो लिफाफा में रख दिए पर जेवर अपने पास ही संभाल लिए। थोड़ा दूर जाने पर लिफाफा गैंग ने महिला को कागज से भरा दूसरा लिफाफा थमा दिया। शक होने पर महिला ने कार सवार लोगों से जब इस बारे में पूछा तो गैंग के लोगों ने मां-बेटी को कालीचौड़ मंदिर के पास कार से धक्का देकर बाहर फेंक दिया। पुलिसकर्मियों ने दोनों से पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। महिला का कहना था कि बदमाशों में एक पहाड़ी भाषा में बातचीत कर रहा था।