किच्छा। एनएच-74 के पास स्थित ग्राम बरा में बुधवार की रात तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को 40 मिनट तक बंधक बनाया। विरोध करने पर उन्हें पीटा और 87,000 रुपये समेत लाखों के जेवरात लूट ले गए।सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। लूट की वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
नरेश कुमार प्रजापति पुत्र राम प्रसाद निवासी ग्राम बरा में मूंगफली के थोक व्यापारी है। वह अजीतपुर रोड स्थित मकान में रहते है। नरेश कुमार के अनुसार बुधवार रात करीब 12:40 बजे तीन नकाबपोश दीवार फांदकर उनके घर में घुसे। वह परिजनों के साथ सो रहे थे तभी बदमाशों ने उन्हें, उनकी पत्नी प्रेमवती देवी, पुत्र वासुदेव, पुत्री वंशिका पर असलहा तानकर बंधक बनाया। विरोध करने पर तीनों ने उन्हें जमकर पीटा।
इसके बाद बदमाशों ने घर में बेड, अलमारी आदि का सामान अस्त व्यस्त कर दिया। बदमाशों ने नकदी और जेवरात लूट लिए। इसके बाद जाते समय परिजनों दो मोबाइल भी ले गए और परिवार को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने शोर मचाया लेकिन रात होने के कारण जब कोई नहीं आया तो नरेश ने किसी तरह कमरे की खिड़की की जाली तोड़ी और परिजनों को बाहर निकाल शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीणों को लूट का पता चला।
सूचना पर बरा चौकी पर तैनात पुलिस टीम रात को ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने चारों ओर नाकेबंदी की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। घटना की जानकारी पर सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी समेत कई उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम के एएसआई महेश राम व सचिन कुमार ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए।
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमों का गठन किया है। पुलभटटा थाने की पुलिस ने कारोबारी नरेश की तहरीर के आधार पर तीन बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
40 मिनट तक बदमाशों के खौफ में घुटता रहा परिवार
-कारोबारी की पत्नी को थप्पड़ जड़े, राम-राम कहकर चंपत हो गए बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। लूटपाट करने आए बदमाशों ने मूंगफली कारोबारी नरेश के परिवार को धमकाने के लिए असलहा दिखाया। बदमाशों में से एक ने पिस्टल की गरारी खोलकर परिवार को दिखाते हुए कहा कि चुपचाप सारा सामान दे दो नहीं तो यह चार गोलियां तुम्हारे परिवार के लिए हैं। यह सुनकर पूरे परिवार के होश उड़ गए।
नरेश की पत्नी ने बताया कि तीनों बदमाशों के पास पिस्टल थी। जब उन्हें बक्सा खोलने के लिए कहा तो कुछ देर हो गई। इस पर बदमाशों ने उसे थप्पड़ जड़ दिए। बदमाश करीब 40 मिनट तक उसके घर पर रहे। नरेश के पुत्र वासुदेव ने बताया कि एक बदमाश उससे यह कह रहा था कि इसके बाद तुम्हारे पड़ोस के घर को लूटना है। नरेश ने बताया कि जब बदमाश जाने लगे तो उसके मुंह से राम राम शब्द निकला तो बदमाशों ने भी राम राम कहकर जवाब दिया।
चोरों ने घर पर लगा बल्ब निकालकर फेंका
जिस गली में नरेश का घर है उसमें पथ प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने का लाभ लुटेरों ने उठाया। नरेश ने बताया कि जिस समय उनके घर पर लूटपाट हो रही थी तब घर के आंगन में बल्ब जल रहा था लेकिन जब बदमाश वहां से गए तो उन्होंने जाते समय बल्ब को उतारकर दूर फेंक दिया ताकि उन्हें अंधेरे का लाभ मिल सके।
जनप्रतिनिधियों ने घटना की निंदा की
बरा में लूट की घटना की जानकारी होने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार भी सुबह पीड़ित परिवार से मिले। गंगवार ने दहशत से भरे परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस उच्चाधिकारियों से घटना के खुलासे की मांग की। किसान नेता सुरेश पपनेजा और डाॅ. रतन लाल गंगवार भी सुबह पीड़ित परिवार से मिले। पपनेजा ने पुलिस प्रशासन से खुलासे के अलावा गश्त तेज करने की मांग की है।
सीओ ने टीमों का गठन किया
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि बरा और बरी में हुईं दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए एसओजी समेत टीमों का गठन किया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरी में हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश के कंधे पर पिठ्ठू बैग है जबकि बरा में हुई घटना का अभी तक कोई फुटेज नहीं मिला है। दोनों घटनाओं में दो से ढाई घंटे का अंतर है। हो सकता है कि दोनों वारदातें एक गैंग के न की हों जबकि यह भी हो सकता है कि दो अलग अलग गिरोह हों। उन्होंने कहा कि घटना का खुलासा किया जाएगा।
भाजपा नेता के घर में भी चोरों का धावा, बाइक ले गए
किच्छा में ढाई घंटे के भीतर पर दो वारदातों से सहमे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। बरा गांव में लाखों की लूट को अंजाम देने के बाद बरी गांव में चोरों ने भाजपा नेता शिव कुमार के घर पर भी धावा बोला लेकिन घरवालों के जाग जाने पर चोर वहां से भाग निकले। चोर घर के आंगन में खड़ी भाजपा नेता की बाइक ले गए। घटना की जानकारी पर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं।
पूर्व बीडीसी सदस्य व भाजपा नेता शिव कुमार ने बताया कि बुधवार रात चोर उनके भाई अंगनलाल की छत से होते हुए उनके घर घुस आए। बताया कि जिस कमरे में उनकी पत्नी और बच्चे सो रहे थे चोरों ने उस कमरे की अलमारी खोलनी चाही। आहट होने पर शिव कुमार की पत्नी जाग गई। जब उसने आवाज लगाई तो चोर वहां से भाग निकले। शिव कुमार ने अपने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता लगा कि 12 मिनट पहले चोर उनके घर के आंगन में खड़ी बाइक ले जा चुके हैं। उन्होंने पुलिस टीम को चोरों की फुटेज सौंपी है। बताया कि उनके घर पर चोरी की यह घटना सुबह तीन बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में चोर पैदल ही बाइक ले जाते दिख रहा है।
सीओ बीएस धौनी का कहना है कि जल्द चोरों का पता लगा लिया जाएगा।