रामनगर। कॉलोनियों के नियमितीकरण समेत चार मांगों को लेकर चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन छठे दिन भी जारी रहा। छठे दिन हमारा उत्तराखंड मंच से जुड़े 10 युवा अनशन पर बैठे। इनमें मंच के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह हैप्पी, संरक्षक रूपेश कन्नोजिया, उपाध्यक्ष राहुल रावत, पूर्व छात्रसंघ सचिव मनोज भंडारी, विवेक रावत, कमल जोशी, धर्मपाल असवाल, अमित कुमार, राहुल सिंह रावत और कैलाश नेगी शामिल रहे।
मांग की गई कि कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाया जाए। अनशनकारियों ने 26 सितंबर से आमरण अनशन का एलान किया है। पंपापुरी, भरतपुरी, दुर्गापुरी और कौशल्यापुरी कॉलोनियों के नियमितीकरण, कोसी नदी से बाढ़ सुरक्षा, रोडवेज स्टेशन और एआरटीओ कार्यालय खोलने की मांगों को लेकर शहीद पार्क लखनपुर में ग्रामीणों का अनशन चल रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि इन कॉलोनियों में करीब 10 हजार की आबादी रहती है, उसके बावजूद कॉलोनियों को नियमित नहीं किया जा रहा है। रोष जताया कि अब तक उनकी मांगें पूरी करने के लिए शासन-प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने कहा कि जल्द ही मांगें पूरी नहीं की गईं तो 26 सितंबर से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इससे पहले 25 को मांगों के समर्थन में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। आंदोलन को बीजेपी प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश महरा, ईको सेंसिटिव जोन समिति के ललित उप्रेती, मनमोहन बिष्ट, कर्मचारी नेता पान सिंह, नवेंदु मठपाल, घनस्याम सती के अलावा कई संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की है।
इस बीच तहसीलदार सुंदर सिंह तोमर ग्रामीणों को समझाने के लिए दो बार अनशन स्थल पर पहुंचे। वहीं, एसडीएम पारितोष वर्मा द्वारा डीएम के यहां आने पर मांगों के संबंध में बैठक कराने की बात कही गई, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
वाईपी देवरानी की अध्यक्षता और प्रणय श्रीवास्तव के संचालन में हुई सभा और धरने में गणेश रावत, डॉ. धनेश्वरी घिल्डियाल, यशपाल रावत नीलम गुप्ता, ललित पांडेय, कमला ढौडियाल, मंजुला श्रीवास्तव, संजय मेहता, समाजसेवी हरीश चंद्र सती, महेश्वरी देवी, विभा श्रीवास्तव, वीरा रावत, अंजू परसोला, दीपा सती, सुमित्रा बिष्ट, दीपा रावत, दीपा वर्मा, सरिता महरा आदि थे।