रामनगर मोहान में सड़क पर आया हाथी।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। बृहस्पतिवार रात मोहान में सड़क पर निकले गजराज ने दो कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। गनीमत रही कि वाहन में सवार लोगों को चोट नहीं आई। शुक्रवार दोपहर फिर हाथी सड़क पर आ गया।
बृहस्पतिवार रात करीब सवा 12 बजे मोहान में हाथी ने इनोवा कार पर हमला कर दिया। चालक हीरा सिंह निवासी जैतपुर एक्सटेंशन दिल्ली चार सवारियों को छोड़ने चौखुटिया जा रहा था। हाथी ने कार का शीशा तोड़कर खाने का सामान सूंड़ से उठा लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने हाथी को मौके से खदेड़कर जंगल की ओर भेज दिया। फिर चार घंटे बाद हाथी दोबारा सड़क पर आ गया। इस बार हाथी ने कार का शीशा तोड़कर खाने का सामान निकाल लिया। उसके बाद रामनगर वन प्रभाग के मोहान चौकी में तैनात अमित सिंह, पंकज जोशी ने हाथी को फिर से जंगल की ओर खदेड़ा। गनीमत रही कि इन दोनों हादसों में जनहानि नहीं हुई। शुक्रवार दोपहर फिर गजराज सड़क पर आ गया। हालांकि इस दौरान किसी भी वाहन को क्षतिग्रस्त नहीं किया।