हल्द्वानी। दीपावली के बाद यूपीसीएल ने बिजली बकायेदारों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से शिविर लगाकर बिजली बिलों की वसूली भी की जा रही है। 12 लाख रुपये बिजली बिल जमा नहीं करने पर 18 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए हैं।
शनिवार को यूपीसीएल ग्रामीण और शहर डिविजन की टीमों ने कमलुवागांजा, लामाचौड़, बिठौरिया, दमुवाढूंगा, ऊंचापुल, लालडांठ, सुभाषनगर, टीपीनगर, रानीबाग, नवाबी रोड, गौलापार खेड़ा के उपभोक्ताओं के लिए शिविर लगाया था। टीमों ने 100 बकायेदारों से 64.68 लाख रुपये वसूले। 12 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल अदा नहीं करने पर 18 लोगों के कनेक्शन काटे गए। एसडीओ शहर यूके भास्कर ने बताया कि डिविजन की ओर से तीन स्थानों पर शिविर लगाया गया था। इस दौरान 16 बकायेदारों से 22.68 लाख की वसूली की गई जबकि 7.52 लाख रुपये बिल नहीं देने पर पांच लोगों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। ग्रामीण डिविजन के एसडीओ वीबी जोशी ने बताया कि 84 बकायेदारों से 42 लाख रुपये राजस्व वसूला गया। 4.74 बकाया जमा नहीं करने पर 13 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।