वाहनों के चुनाव ड्यूटी में जाने के कारण बृहस्पतिवार से पहाड़ के लिए वाहनों की कमी से लोगों को जूझना होगा। पर्वतीय रूटों के साथ बाजपुर, काशीपुर रूट पर निजी बसों के नहीं होने के कारण आज से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए बुधवार से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। बसों के चुनाव ड्यूटी में जाने के कारण केमू की बसों की सेवा बृहस्पतिवार से पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगी। चुनाव ड्यूटी में केमू की 300 से अधिक बसें लगी हैं। इस कारण हल्द्वानी से अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, कौसानी, पिथौरागढ़ सहित अन्य क्षेत्रों की सेवाओं के साथ ही नजदीकी रूट की बसें आज से नहीं चलेंगी। दूसरी ओर बाजपुर बस अड्डे से बाजपुर, काशीपुर, रामनगर के लिए चलने वाली मेल और एक्सप्रेस बसों की ड्यूटी भी चुनाव में लगाई गई है। यहां करीब पचास से अधिक बसें संचालित होती हैं जिस कारण इस रूट पर यात्रियों को निजी साधनों या रोडवेज बसों का सहारा लेना होगा। वहीं टैक्सी, मैक्सी वाहनों के भी चुनाव ड्यूटी में लगने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। जानकारी के मुताबिक डिमांड से 10 फीसदी अधिक वाहन चुनाव ड्यूटी के लिए परिवहन विभाग ने बुलाए हैं।