हल्द्वानी। शहर के रोडवेज के सामने मिनी स्टेडियम की गली में शनिवार की शाम 68 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी को अचानक से हार्ट अटैक हुआ और जब तक लोग कुछ समझ पाते वह अचेत हो गए। परिवार के लोग भी पहुंचे बेस अस्पताल पहुंचे लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस घटना से आसपास के लोग भी स्तब्ध हो गए। अचानक से एक स्वस्थ इंसान के जाने से सब सकते में दिखे।
नया बाजार मंगलपड़ाव निवासी 68 वर्षीय व्यापारी की शहर के मुख्य बाजार में दुकान है। शनिवार शाम वह दुकान बंद करने के बाद स्कूटी से घर की ओर जाने के लिए निकले। वह रोडवेज के सामने स्टेडियम वाली गली में पहुंचे ही थे कि तभी उनके सीने में तेज दर्द हुआ। उन्होंने स्कूटी रोकने की कोशिश की। रफ्तार तो कम हुई लेकिन जब तक खुद को संभालते गिर गए। स्थानीय होने की वजह से आसपास के लोगों ने उनकी पहचान कर परिवार वालों को बताया। कोतवाल अमर पाल शर्मा ने कहा कि पुलिस भी पहुंच गई थी। उन्हें बेस अस्पताल भेजा गया जहां उनकी मौत हो गई। बीमारी से मौत होने की वजह से परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। सिटी मजिस्ट्रेट सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।