रामनगर (नैनीताल)। ग्राम मोतीपुर छोई में बृहस्पतिवार को अकेले रहने वाले बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग मानसिक रूप से बीमार थे।
मोतीपुर छोई निवासी खीम सिंह लटवाल (65) काफी समय से बीमार चल रहे थे और मकान में अकेले रहते थे। मंगलवार शाम वह अपनी दवा लेकर घर आए, तब से उन्हें किसी ने नहीं देखा। बृहस्पतिवार शाम कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दरवाजा खोला तो अंदर खीम सिंह का शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से बीमार थे। उसका एक बेटा अल्मोड़ा में रहता है। फोन नंबर जुटाकर उसे सूचना दे दी है। परिजनों के रामनगर पहुंचने पर शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।