चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी कर ली है। वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए कुमाऊं के हर आरटीओ/एआरटीओ कार्यालय से ग्रीन कार्ड जारी हो सकेगा। ग्रीन कार्ड होने से वाहन स्वामी चेकिंग के दौरान सभी प्रपत्र दिखाने और लाइन लगाने के झंझट से बच सकेंगे।
चारधाम यात्रा में प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं। सामान्य स्थितियों में इन वाहनों को परिवहन चेक पोस्ट, पुलिस बैरियर जगहों पर वाहन, लाइसेंस से जुड़े आदि सभी प्रपत्रों को प्रस्तुत करना होता है, पर ग्रीन पास होने पर उनको लाइन में खड़े होकर कागज दिखाने की औपचारिकता नहीं करनी होगी। केवल सुरक्षा एजेंसियों को ग्रीन कार्ड दिखाना भर होगा।
उप परिवहन आयुक्त एसके सिंह का कहना है कि कुमाऊं से भी कई रूट (रानीखेत-द्वाराहाट-गैरसैंण-कर्णप्रयाग होते हुए आगे धाम के रास्ते में मिल जाता, इसी तरह रामनगर-बद्रीनाथ) तीर्थ स्थलों की तरफ जाते हैं। इसके मद्देनजर हर आरटीओ/एआरटीओ कार्यालय से ग्रीन कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। इसमें वाहन रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस आदि प्रपत्रों को परिवहन कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।