हल्द्वानी बसंत विहार की खस्ताहाल सड़क। अमर उजाला
- फोटो : meeran shaib news
हल्द्वानी। नगर निगम के वार्ड-50 स्थित बसंत विहार क्षेत्र में दीपावली से पहले खोदी गई सड़क का अब तक पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। मुखानी से पीलीकोठी को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण लिंक मार्ग महीनों से बदहाल पड़ा है।
सड़क से उड़ती धूल स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए समस्या बन गई है। धूल के कारण कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों को आधा शटर खोलकर ही व्यापार करने के लिए मजबूर हैं जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस क्षेत्र में 100 से अधिक मकानों में 900 से अधिक की आबादी निवास करती है। करीब 250 मीटर लंबी इस सड़क के पुनर्निर्माण में हो रही देरी से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजाना चार से पांच हजार लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं।
सड़क बदहाल होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। आमजन के साथ ही स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हैं। धूल ने जीना दुश्वार कर दिया है। बीना पंत
दीपावली से पहले सड़क खोदकर छोड़ दी है। होली भी निपट गई। धूल का आलम यह है कि चहारदीवारी से लेकर पूरा घर खराब हो गया है। भास्कर पांडे
सड़क खराब होने से बच्चों को स्कूल पहुंचाना और लाना मुश्किल हो रहा है। धूल से इंफेक्शन की शिकायत हो रही है। जल्द सड़क बनाई जानी चाहिए। ईशा उप्रेती
लंबे समय से सड़क खराब पड़ी है। वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। सांस संबंधी रोगियों को धूल से और परेशानी हो रही है। तारा दत्त जोशी
बसंत विहार वाली सड़क पर मैनुअल काम होना शेष है। सीवरेज कार्य पूर्ण हो गया है। कुछ स्थानों पर पेयजल लाइन बिछनी है। बरसात से पहले इसका पुनर्निर्माण कर दिया जाएगा।
कुलदीप सिंह, परियोजना प्रबंधक, यूयूएसडीए