बागेश्वर। नगर के गिरेछीना रोड पर गोमती पुल के पास ईंटों से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। डंपर पलटने से उसके मलबे की चपेट में आकर पास ही खड़ी एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन मुख्य मार्ग पर डंपर पलटने से बड़े वाहनों का आवागमन ठप हो गया जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रविवार को डंपर संख्या यूके 04 सीबी 9916 गोमती पुल के पास सड़क किनारे ईंटें खाली कर रहा था। डंपर चालक महेश रौतेला ने बताया कि ईंटें अनलोड करते समय अचानक सारा लोड गाड़ी के एक तरफ आ गया जिससे डंपर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। डंपर के पलटते ही वहां खड़ी स्कूटी संख्या यूके 02 बी 2018 भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और छोटे वाहनों को किनारे से सुरक्षित निकालने लगे। यातायात प्रभारी चंदन भंडारी ने बताया कि डंपर को सीधा कर मार्ग को बड़े वाहनों के लिए भी जल्द सुचारू कर दिया जाएगा। संवाद