भीमताल (नैनीताल)। अमृतपुर-जमरानी क्षेत्र के अमिया में सोमवार रात अंगीठी के धुएं से डंपर चालक की मौत हो गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि गोपाल दत्त पांडे (55) पुत्र प्रेमदत्त पांडे निवासी ग्वालदम चमोली डंपर चालक थे। वह अमिया निवासी दीपू नेगी का डंपर चलाते थे। मंगलवार सुबह गोपाल दत्त का शव कमरे में पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो कमरे के अंदर अंगीठी जली हुई थी। अंदेशा है कि अंगीठी के धुएं से उनकी मौत हुई होगी। मृतक के शरीर में चोट के निशान नहीं मिले हैं। घटना की सूचना पर उनके परिजन और भाई पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है। इधर, अमिया निवासी दीपू नेगी ने पुलिस को बताया कि गोपाल दत्त सोमवार शाम आठ बजे कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे के अंदर देखने पर वह मृत पड़े थे।