रामनगर बाघ के हमले में घायल वन गुर्जर ताज मोहम्मद। अमर उजाला
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। जिस समय बाघ ने वन गुर्जर पर हमला किया था, उस समय मौके पर केवल उसकी भैंसें थी। मालिक को बचाने के लिए कुछ भैंसें बाघ से भिड़ गई और बाघ को पटक दिया। कुछ भैंसें घर पहुंची तो ग्रामीणों को शक हुआ कि कुछ अनहोनी हुई है। अन्य वन गुर्जरों के मौके पर पहुंचने पर बाघ भाग खड़ा हुआ। वन गुर्जर के पास केवल भैंसें थीं।
रामनगर अस्पताल में इलाज के दौरान वन गुर्जर ताज मोहम्मद ने बताया कि बाघ काफी विशाल था और उसने पीछे से उस पर हमला किया था। हमले होता ही वह जमीन पर गिर गया था, तभी कुछ भैंसों ने बाघ पर हमला किया तो बाघ पीछे हट गया। इसके बाद भैंसें बाघ को कुछ दूर तक खदेड़कर आई। 5 से 7 भैंसों ने एक साथ हमला किया तो बाघ घबरा गया और अन्य वन गुर्जरों के आने पर वह भाग निकला। ताज मोहम्मद के अनुसार अगर वह जिंदा है तो केवल भैंसों की वजह से। भैंसें नहीं होती तो शायद वह बाघ उसे निवाला बना लेता।