लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता क्षेत्र के हाड़ाग्राम में डंपर की टक्कर से बाइक सवार खनन कारोबारी की मौत हो गई है। मृतक का तीन वर्ष पूर्व विवाह हुआ था और उसकी एक बेटी भी है।
शनिवार को बिंदुखत्ता इंदिरानगर द्वितीय निवासी प्रकाश मिश्रा उर्फ पवन (28) पुत्र केवल मिश्रा गौला नदी के देवरामपुर निकासी गेट की ओर जा रहा था। हाड़ाग्राम के पास पीछे से डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तारों से टकरा गई। वहीं घायल पवन को डंपर काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद लोगों के शोर मचाने पर चालक ने डंपर को रोका। इसके बाद लोग पवन को अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद भी चालक ने डंपर को नहीं रोका और वह दुर्घटना के बाद भी उसने डंपर को गौला नदी की ओर दौड़ा दिया। यदि वह डंपर रोक कर घायल पवन को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करता तो उसकी जान बच सकती थी।