गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम डोबा के ग्रामीणों को बरसात में जान हथेली पर रखकर शिप्रा नदी पार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बारिश के चलते शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, ऐसे में आवाजाही के बीच हादसे का खतरा बना हुआ है।
अभिभावक अपने बच्चों को पीठ पर रखकर स्कूल तक पहुंचाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों और किसानों को अपनी फसल और सामग्री कंधे पर रखकर नदी पार करनी पड़ रही है। प्रधान हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शिप्रा नदी पर झूलापुल निर्माण की मांग शासन और प्रशासन से करते आ रहे हैं लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि नदी में झूलापुल के बनने से डोबा गांव समेत आस-पास के लोगों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जल्द झूला पुल निर्माण की मांग की है।