नशे में धुत महिला ने बेस अस्पताल में रविवार रात जमकर हंगामा किया। सूचना पर मंगलपड़ाव चौकी के एक दरोगा मौके पर पहुंचे, लेकिन महिला पुलिस नहीं होने के कारण पुलिस ने उसे छोड़ दिया। इससे पहले रात करीब 10 बजे केमू स्टेशन के पास ढाबे में उसने शराब पी थी। उसकी हरकतें देखते हुए लोगों ने उसे टेंपो में बैठाकर थाने भेज दिया।
नैनीताल भोटिया मार्केट की महिला रविवार रात करीब 10:30 बजे नशे में धुत होने के बाद बेस अस्पताल पहुंच गई और कर्मचारियों को भलाबुरा कहना शुरू कर दिया। सूचना पर मंगलपड़ाव चौकी के दरोगा पूछताछ करने के लिए अस्पताल पहुंचे। महिला का कहना था कि उसे दो लोग पैसा देकर यहां लाए थे और अब दोनों उसे छोड़कर चले गए हैं।
दरोगा ने महिला कांस्टेबल बुलाने के लिए कोतवाली पुलिस को सूचना दी, लेकिन महिला पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची। बाद में दरोगा भी उसकी हालत देख वहां से खिसक लिये। पुलिस का कहना था कि अस्पताल के डाक्टर उसका इलाज कर सकते थे, लेकिन उन्होंने महिला को छोड़ दिया।