नैनीताल। एसटीएच के चिकित्सा अधीक्षक के वाहन चालक की जीबी पंत चिकित्सालय (रैमजे हॉस्पिटल) परिसर में वाहन के भीतर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चिकित्सा अधीक्षक यहां मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शिकायत निवारण समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे।
शुक्रवार को यहां मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शिकायत निवारण समिति की बैठक हुई। शाम करीब पांच बजे बैठक खत्म होने के बाद एसटीएच के एमएस डॉ. एके पांडे ने अपने विभागीय वाहन चालक दीवान सिंह को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
फोन पर बात न होने पर डॉ. पांडे अस्पताल परिसर में खड़े अपने विभागीय वाहन के पास पहुंचे। डॉ. पांडे ने गाड़ी के भीतर देखा तो चालक ड्राइविंग सीट पर निढाल पड़ा था। डॉ. पांडे ने गाड़ी का दरवाजा खोला तो चालक एक तरफ गिर गया। आननफानन में अस्पताल के डॉक्टरों ने चालक का स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक मृतक चालक दीवान सिंह नौघर स्टेज कौसानी थाना गरूड जिला बागेश्वर का मूल निवासी है। सीएमओ डॉ. एलएम उप्रेती ने घटना की जानकारी तल्लीताल पुलिस को दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव के पंचनामे की कार्रवाई कर रही थी। घटना की जानकारी चालक के परिजनों को दे दी गई थी।