हल्द्वानी। गौला का जलस्तर गिरने के साथ ही पेयजल संकट होने पर लोगों ने लाइनों में मोटर लगाकर पानी खींचना शुरू कर दिया है। जलसंस्थान ने ऐसे लोगों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए सहायक अभियंताओं के नेतृत्व में टीम गठित की है। पहली बार पकड़े जाने पर चेतावनी के साथ एक हजार रुपये जुर्माना लिया जाएगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर कनेक्शन बंद कर मोटर जब्त कर ली जाएगी।
गौला का जलस्तर तेजी से गिर रहा है। शनिवार और रविवार को गौला का जलस्तर 86 और सोमवार को 85 क्यूसेक था। पेयजल के संकट को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी दीपक रावत ने जल संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी थी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय को मेन लाइन में मोटर (टुल्लू पंप) लगाकर पानी खींचने की शिकायतें मिल रही हैं।
उपाध्याय ने चार सहायक अभियंताओं के नेतृत्व में छापेमारी के लिए टीमें गठित की हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया गया है और छापेमारी की जाएगी। पहली बार पकड़े जाने पर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। कहा कि मुख्य लाइन में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचना गैर कानूनी है। इससे दूसरे घरों में पेयजल आपूर्ति बाधित होती है। कहा कि दूसरी बार अगर उपभोक्ता पकड़ा गया तो मोटर जब्त करने के साथ ही पेयजल कनेक्शन काट दिया जाएगा।