मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहरवासियों के सब्र का इम्तिहान लिया। बुधवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई बारिश से नाले उफान पर आ गए। जिस पानी को नालियों में बहना था, वह नैनीताल रोड की दुकानों में घुस गया। तिकोनिया स्थित वन विभाग परिसर भी पानी से लबालब हो गया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे भी जल जमाव के कारण परेशानी से जूझते दिखाई दिए।
नैनीताल - 70 मिमी
हल्द्वानी - 96 मिमी
कालाढूंगी - 04 मिमी
रामनगर - 14.6 मिमी
श्री कैंची धाम - 02 मिमी
बेतालघाट - 03 मिमी
आज फिर भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने नैनीताल समेत पर्वतीय जिलों फिर भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश के कारण तापमान में भी कमी देखने को मिली और अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 30.4 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तीन डिग्री नीचे 19.6 और न्यूनतम 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
शेरनाला भी उफनाया
बुधवार हुई भारी बरसात से सुबह 11 बजे हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मुख्य राज्य मार्ग स्थित शेरनाला उफान पर आ गया। इससे मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक वाहनों का आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। चोरगलिया पुलिस नाले के दोनों ओर डटी रही तथा किसी को भी नाला पार नहीं करने दिया। दोपहर बाद तीन बजे नाले का पानी कम हुआ। इसके बाद वाहनों को पुलिस ने नाला पार करने की अनुमति दी।