हल्द्वानी। डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं के कारण आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई करें।
उन्होंने निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के लिए मशीन, मटीरियल और मैनपॉवर को दोगुना करने के निर्देश दिए। रयाल शनिवार को कैंप कार्यालय में यूयूएसडीए के माध्यम से शहर में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि कहीं पर भी सड़क अधिक समय तक खुदी न छूटी रहे। तत्काल उसकी मरम्मत कराई जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को निर्देश दिए कि वह भी समय-समय पर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट दें। कहा कि पूर्व में मार्गों व चौराहों के चौड़ीकरण के लिए किए गए चिह्नीकरण के अनुरूप कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए। देवखड़ी नाले से अतिक्रमण हटाने के मामले में डीएम ने कानूनी दायरे में रहकर कार्रवाई के निर्देश दिए। यूयूएसडीए के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।