हल्द्वानी। प्रधान आयकर आयुक्त रणंजय सिंह ने कहा कि आय घोषणा योजना-2016 बेहद सरल है। इसमें आय घोषित करने वाले व्यक्ति को विभाग में किसी भी अधिकारी से नहीं बल्कि सीधे केवल प्रधान आयकर आयुक्त से मिलना है, जहां करीब एक घंटे के अंदर ही सारी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पूरी प्रक्रिया सरल होने के साथ गोपनीय है।
यह जानकारी आयकर आयुक्त सिंह ने एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति जिसने आय घोषित नहीं की है, वह अपनी संपत्ति आदि का स्व मूल्यांकन कर 45 प्रतिशत टैक्स जमा कर टेंशन फ्री हो सकता है। वह जो भी संपत्ति की घोषणा करेगा, उसके बारे में आवेदक से कोई सवाल, पूछताछ आदि नहीं की जाएगी। उसी को सही माना जाएगा।
आवेदक को केवल एक फार्म भरना होगा। उसकी आय पर जो टैक्स बनेगा, उसको आवेदन करने के 60 दिन के अंदर जमा करना होगा। यह एक साथ या फिर किश्त के रूप में भी जमा हो सकता है। पर अवधि साठ ही दिन रहेगी।
टैक्स जमा करने के बाद आय कर विभाग को उसको तत्काल एक सार्टिफिकेट जारी कर देगा। अगर किसी व्यक्ति ने टैक्स नहीं दिया है, तो इस योजना का लाभ बिना हिचक उठाना चाहिए। पर स्व मूल्यांकन के समय ईमानदारी बरतनी होगी। इस दौरान एक प्रेजेंटेशन भी रखा गया। इस दौरान इंकम टैक्स इंस्पेक्टर भवानी शंकर शर्मा, एके मलिक, वीबी श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।