जिलाधिकारी वंदना ने बृहस्पतिवार को जनसुनवाई में लोक निर्माण विभाग को तत्काल हैड़ाखान मार्ग के अस्थायी सुधारीकरण का काम शुरू करने का निर्देश दिया है।
कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में ओखलकांडा क्षेत्र के लोगों ने बताया कि हैड़ाखान सड़क काफी खराब हो चुकी है। जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को भी रखा।
डीएम ने लोनिवि, भवाली के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त भागों का सर्वे कर डीपीआर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जन सुनवाई में नंधौर खनन समिति के लोगों द्वारा बताया गया कि नंधौर में खनन से पूर्व खनन रास्ते बनवाने, श्रमिकों का पंजीकरण कराने के साथ ही गेटों में पेयजल की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया जिस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग के साथ ही उपजिलाधिकारी को व्यवस्था के निर्देश दिए।
दुर्गापालपुर परमा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि मुख्य मार्ग पर कैनाल रोड में अतिक्रमण के कारण लोगों मे आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जनसुनवाई में 67 शिकायतें व समस्याएं दर्ज हुई। जनसुनवाई में समस्या को लेकर पूर्व दायित्वधारी हरीश पनेरू व अन्य लोग पहुंचे।
लीकेज की लिस्ट उपलब्ध कराएं
जिलाधिकारी ने लोनिवि को लीकेज के कारण खराब हो रही सड़कों की लिस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है ताकि जलसंस्थान लीकेज मरम्मत कार्य पूरा कर लें, उन्होंने जलसंस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिये कि लीकेज मरम्मत करने के बाद दूसरी बार लीकेज होने से जलसंस्थान स्वयं सड़क की मरम्मत करेगा।