जिलाधिकारी दीपक रावत बुधवार को तहसील पहुंच गए। उन्होंने गेट से लेकर मुख्य कार्यालय तक सभी का निरीक्षण किया तो हर कदम पर गोरखधंधा उजागर हुआ। तीन अरायजनवीसों के बस्तों से तहसील के दस्तावेज बरामद किए गए। मामले में तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए। खसरा-खतौनी के कंप्यूटर में अनियमितताएं मिलने पर रजिस्ट्रार कानूनगो को नोटिस जारी किया। अपने क्षेत्रों की जानकारी न रखने पर दो पटवारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। डीएम ने तत्काल अरायजनवीसों के बस्ते कब्जे में ले लिए। तीन अरायजनवीसों के बस्तों से तहसील कर्मियों और हल्द्वानी के तहसीलदार मोहन सिंह बिष्ट के हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज मिले। इस पर तत्काल संबंधित तहसील कर्मियों और रजिस्ट्रार कानूनगो को तलब किया गया तो उन्होंने बताया कि ये दस्तावेज जलाने के लिए दिए थे, लेकिन इन्होंने अभी तक नष्ट नहीं किए।
इस पर डीएम ने लालकुआं के तहसीलदार भुवन चंद्र काडंपाल को जांच के निर्देश दिए। अन्य अरायजनवीसों के बस्तों में भी अनियमितताएं मिलीं, उन्हें कड़ी हिदायत दी। उसके बाद डीएम ने कार्यालयों का निरीक्षण किया। खसरा-खतौनी तैयार करने वाले कंप्यूटर में भी तमाम अनियमितताएं उजागर हुईं। इस पर रजिस्ट्रार कानूनगो को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डीएम ने अफसर-कर्मचारियों को कार्यशैली सुधारने की नसीहत दी।
डीएम ने पटवारी राजेश चौहान और भूपेश कुमार से ग्रामीण क्षेत्र की जमीनों की कुछ पत्रावलियां मांगी, जिसे उपलब्ध न करा पाने पर दोनों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। तहसील की विद्युत आपूर्ति बाधित रहने पर बिजली विभाग के एसडीओ को मौके पर बुलाकर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। तहसील का कनेक्शन नगर क्षेत्र से जोड़ने के लिए 15 दिन की मोहलत दी। साथ ही तहसील कार्यालय में जेनरेटर की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश जारी किए। तीन घंटे चले निरीक्षण में कर्मचारियों में खलबली मची रही।
उसके बाद जिलाधिकारी कोतवाली पहुंचे। सीओ को निर्देश दिए कि कोतवाली क्षेत्र के आवासीय परिसर का स्टीमेट बनाकर भेजें, जल्द कोतवाली के कक्षों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इस दौरान एसडीएम पंकज उपाध्याय, तहसीलदार हल्द्वानी मोहन सिंह बिष्ट, लोनिवि के सहायक अभियंता चद्रशेखर पांडे, जल संस्थान के खंड अभियंता विनोद कु मार श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी आशा डालाकोटी आदि थे।
क्षेत्रवासियों ने गिनाई समस्याएं
लालकुआं। निरीक्षण को पहुंचे डीएम को लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। नगीना कालोनी और बंगाली कालोनी की महिलाओं ने क्षेत्र रेलवे द्वारा उनके घरों के आगे चाहरदीवारी लगाए जाने से पैदल मार्ग व पानी की निकासी बंद होने की शिकायत की। क्षेत्र में गदंगी से निजात दिलाने की मांग पर जिलाधिकारी ने नगीना कालौनी, बंगाली कालौनी व हाथी खाना क्षेत्र में सेंचुरी पेपर मिल द्वारा सफ ाई कराने के निर्देश दिए। जलपैक इंडिया लि के कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने वेतन सहित अन्य देय भत्ते मुहैय्या कराए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, कैलाश चंद्र पंत, जीवन कबडवाल, उमेश राणा, राजकुमार सेतिया, विनोद श्रीवास्तव, कीर्ति पाठक, प्रमोद कालोनी आदि थे। कुछ लोगों ने वक्फ बोर्ड द्वारा नगरवासियों की भूमि फ र्जी तरीके से अपने नाम कराए जाने पर डीएम से मुतवल्ली के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।