रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की अगुवाई में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शुक्रवार को संयुक्त चिकित्सालय में धरना, प्रदर्शन कर नारेेबाजी की। इसके बाद चिकित्साधीक्षक डॉ. बीडी जोशी के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक दीवान सिंह बिष्ट को आठ सूत्रीय ज्ञापन भेजा। इनमें स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने की मांग की गई।
धरना स्थल पर हुई सभा को संबोधित करते हुए उपपा के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने सरकार पर मरीजों को स्वास्थ्य सेवा दिलाने में विफलता का आरोप लगाया। देवभूमि विकास मंच के संयोजक मनमोहन अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल डॉक्टर विहीन हो चुके हैं। यहां स्टाफ समेत जांच, जरूरी सुविधाओं समेत दवाई की भी कमी है।
इस कारण सरकारी अस्पतालों में मृत्यु की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। सीएम को भेजे ज्ञापन में ब्लड बैंक का संचालन, अस्पताल में सीटी स्कैन समेत सभी जांच मुफ्त कराने, पैरामेडिकल स्टाफ, डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने, संयुक्त चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा दिलाने की मांग की गई।
लालमणि और गोपाल असनोड़ा ने संचालन किया। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष मनिंदर सिंह सेठी, मुनीष कुमार, ललित उप्रेती, महेश जोशी, दुर्गाप्रसाद पांथरी, शीला शर्मा, पछासं के इंद्रलाल, ललिता रावत, एमआर टम्टा, योगेश सती, सुरेंद्र भदूला, किरन आर्य, सरस्वती जोशी, विद्यावती, मोहन सिंह सजवाण, प्रेम आर्य, बालकिशन चौधरी आदि थे।
डॉक्टरों की तैनाती की मांग, सरकार पुतला फूंका
हल्द्वानी। बेस अस्पताल में डॉक्टरों के तबादले के बाद नई नियुक्ति न किए जाने पर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को राज्य सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कहा कि बेस अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान राहुल छिम्वाल, खजान पांडे, सुहेल सिद्दीकी, ललित जोशी, मधु सांगुड़ी, विमला सांगुड़ी, हर्षवर्धन पांडे आदि थे।