हल्द्वानी स्पोर्ट्स एसोसिएशन भी हाईकोर्ट शिफ्टिंग के विरोध में
हल्द्वानी स्पोर्ट्स एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने बैठक कर हाईकोर्ट को कुमाऊं से बाहर शिफ्ट करने का पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह इस प्रकरण में हस्तक्षेप कर कोर्ट को नैनीताल से बाहर जाने से रोके।
संस्था के अध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा ने कहा कि राज्य गठन के समय सभी पक्षों की राय के बाद सरकार ने देहरादून में राजधानी तो कुमाऊं के नैनीताल में हाईकोर्ट स्थापित किया। उन्होंने हाईकोर्ट को नैनीताल से शिफ्ट करने का विरोध किया। कार्यकारी अध्यक्ष मोहन सिंह बोरा ने हाईकोर्ट शिफ्टिंग के मुद्दे से दोनों मंडलों के बीच तकरार की स्थिति पैदा हो रही है। ऐसे में मामले में सरकार को हस्तक्षेप कर कोर्ट को शिफ्ट होने से रोकना चाहिए।महासचिव गोपाल बेलवाल ने कहा कि यदि हाईकोर्ट को कुमाऊं से बाहर शिफ्ट कर दिया गया तो इससे कुमाऊं और गढ़वाल के विकास के मापदंडों में भारी अंतर आ जाएगा। वक्ताओं ने एक स्वर से कोर्ट को कुमाऊं से बाहर शिफ्ट करने के फैसले को गलत बताया।
हाईकोर्ट हल्द्वानी के गौलापार में पूर्व में चयनित जमीन में बनाना उचित रहेगा। हल्द्वानी रेल मार्ग से जुड़ा है। पंतनगर हवाई अड्डा भी नजदीक है। हाईकोर्ट की अन्यत्र अलग बेंच नहीं बननी चाहिए।
- नवीन परिहार जिला पंचायत उपाध्यक्ष बागेश्वर
राज्य गठन के समय ही देहरादून में अस्थायी राजधानी और नैनीताल में हाईकोर्ट की स्थापना की गई थी। हाईकोर्ट को यदि नैनीताल से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाना है तो कुमाऊं में पर्याप्त स्थान है। इस तरह के मामलों में जनभावनाओं का ध्यान भी रखा जाना चाहिए।
- दीपिका बोहरा, जिपं अध्यक्ष पिथौरागढ़।